एक साल में कितने भारतीय बने अमेरिकी नागरिक? चौंकाने वाली रिपोर्ट आई सामने

वाशिंगटन: अमेरिकी नागरिक बनने वाले भारतीयों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और इसे लेकर एक रिपोर्ट भी सामने आई है। वर्ष 2022 में कम से कम 65,960 भारतीय आधिकारिक तौर पर अमेरिकी नागरिक बन गए और इसके साथ ही अमेरिकी नागरिकता पाने वाले देशों के लोगों की संख्या के मामले में भारत मेक्सिको के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के अमेरिकी सामुदायिक सर्वेक्षण आंकड़ों के अनुसार, 2022 में अनुमानित 46 मिलियन विदेशी मूल के लोग अमेरिका में रहते थे, जो 333 मिलियन की कुल अमेरिकी आबादी का लगभग 14 प्रतिशत है। वित्त वर्ष 2022 के लिए ‘यूएस नेचुरलाइजेशन पॉलिसी’ (अमेरिकी नागरिकता नीति) पर स्वतंत्र ‘कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस’ (सीआरएस) की 15 अप्रैल की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2022 में 9,69,380 व्यक्ति अमेरिकी नागरिक बन गए।

रिपोर्ट में कहा गया, ‘अमेरिकी नागरिकता पाने वाले लोगों में मेक्सिको में जन्मे लोगों की संख्या सबसे ज्यादा थी. इसके बाद सबसे ज्यादा संख्या में भारत, फिलीपींस, क्यूबा और डोमिनिकन रिपब्लिक के लोगों को अमेरिकी नागरिकता मिली। सीआरएस ने कहा कि 2022 में 1,28,878 मैक्सिकन नागरिक अमेरिकी नागरिक बन गए। उनके बाद भारत (65,960), फिलीपींस (53,413), क्यूबा (46,913), डोमिनिकन रिपब्लिक (34,525), वियतनाम (33,246) और चीन (27,038) के लोगों को अमेरिकी नागरिकता मिली।

उन्होंने कहा कि 2023 तक विदेश में जन्मे अमेरिकी नागरिकों में भारत के लोगों की संख्या 2,831,330 थी, जो मेक्सिको (10,638,429) के बाद दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इसके बाद इस सूची में चीन (2,225,447) का नंबर है। सीआरएस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका में रहने वाले लगभग 42 प्रतिशत भारतीय मूल के विदेशी नागरिक वर्तमान में अमेरिकी नागरिक बनने के लिए अयोग्य हैं।

टैग: अमेरिका समाचार, भारतीय, अमेरिकी वीज़ा